सहारनपुर। सावन के पहले सोमवार को शहर के तमाम शिवावलयों में बोल बम के नारे गूंजे। सुबह छह बजे से ही श्रद्धालुगण मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे। देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचते रहे। शिव भक्तों ने उपवास रखकर भगवान शिव की अराधना की। उधर, सोमवार से कांवड़ यात्रा भी शुरू हो गई है।
भूतेश्वर मंदिर में सुबह छह बजे से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। दस बजे तक मंदिर में भक्तों की कतार लग चुकी थी। बागेश्वर मंदिर में भी यही स्थिति रही। सुबह से शाम तक शिवभक्त पूजा करने के लिए पहुंचते रहे। आवास विकास स्थित हरि मंदिर में भी यही स्थिति रही। उधर, सोमवार को कांवड़ यात्रा का भी पहला दिन था। कांवड़ मार्ग पर इक्का-दुक्का कांवड़िए दिखना शुरू हुए। कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर भी सज गए हैं, जहां कांवड़ियों के स्नान, खानपान और स्वास्थ्य सेवा तक की व्यवस्था है। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहे। पुलिसकर्मियों के मुस्तैद रहने के साथ ही अधिकारियों ने भी कांवड़ मार्ग का जायजा लिया।