सहारनपुर। लखनऊ से सहारनपुर अपने परिचित से मिलने के लिए पहुंचे उच्च न्यायालय के अधिवक्ता रेलवे स्टेशन पर उतरते समय ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गए। आरपीएफ ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।
शनिवार को लखनऊ से हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुभाष चंद श्रीवास्तव गाड़ी संख्या 12231 लखनऊ-चंडीगढ़ सद्भावना एक्सप्रेस से सहारनपुर में अपने एक परिचित से मिलने के लिए आ रहे थे। सुबह लगभग सवा नौ बजे ट्रेन सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। स्टेशन अधीक्षक कपिल शर्मा ने बताया कि सुभाष चंद श्रीवास्तव जब तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही तब तक नहीं उतर सके। उन्होंने पावर केबिन के पास ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। तब तक ट्रेन की गति बढ़ गई। जिसके चलते उनका पैर फिसल गया और ट्रेन की चपेट में आ गए। जिससे उनका एक पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर अधिवक्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उनके परिजनों को भी सूचना दी गई।