बस चालक, परिचालक को पीटा, हंगामा
नानौता। सहारनपुर से सवारियां लेकर शामली की तरफ जा रहे अनुबंधित बस के चालक और परिचालक के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि किराया मांगने पर युवकों ने पिटाई की, जबकि हिरासत में लिए गए युवकों का आरोप है कि चालक तेजी से बस चला रहा था, इसका विरोध करने पर गाली गलौज की।
बृहस्पतिवार शाम चालक गौरव पुत्र जयपाल निवासी शामली और परिचालक सद्दाम पुत्र अब्बास निवासी ग्राम पलड़ा बागपत सवारियां लेकर सहारनपुर से शामली की तरफ जा रहे थे। बस में नानौता निवासी वरिश से चालक और परिचालक का विवाद हो गया। आरोप है कि वरिश ने कॉल करके अपने साथियों को बुला लिया और जैसे ही बस नानौता में संजय चौक पर पहुंची, तो वरिश और उसके साथियों ने चालक तथा परिचालक की पिटाई कर दी। इससे मौके पर हंगामा हो गया। तभी पुलिस मौके पर पहुंची और वरिश तथा उसके साथी कासिम निवासी नानौता को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और हंगामा भी हुआ। घटना के बाद चालक ने बस सड़क किनारे लगा दी और शामली जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद यात्रियों को पीछे से आई दूसरी बस में बैठाकर शामली की तरफ भिजवाया गया। परिचालक सद्दाम ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर किराया मांगने पर गाली गलौज करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, पकड़े गए वरिश ने बताया कि चालक बस को तेज गति से चला रहा था। उसने तेज रफ्तार में बस चलाने का विरोध किया, तो चालक और परिचालक ने गाली गलौज की।