नानौता (सहारनपुर)। स्कूल से लौट रही कक्षा 10वीं व कक्षा 9वीं की छात्राओं की साइकिल को बाइक सवार व्यक्ति ने टक्कर मार दी। इसमें गंभीर रूप से घायल 15 वर्षीय छात्रा की उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। छात्रा की मौत पर गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर राजमार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाइक सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
क्षेत्र के ग्राम जंधेड़ी डेरा निवासी ग्रामीण राकेश कुमार की पुत्री सरोज (15 वर्ष) नगर के किसान सेवक इंटर कालेज में कक्षा 10 की तथा कुंती पुत्री तेजपाल कक्षा 9 में पढ़ती है। मंगलवार की दोपहर करीब 1:30 बजे दोनों छात्राएं छुट्टी के बाद साइकिल से गांव जा रही थीं। साइकिल कुंती चला रही थी। जैसे की छात्राएं दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर अपने गांव के रास्ते की ओर जाने लगीं तभी पीछे से तेज गति से आ रही बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे साइकिल सवार दोनों छात्राएं घायल हो गईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों द्वारा छात्राओं को उठाया। इस बीच छात्राओं के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल छात्रा सरोज को परिजन सीएचसी नानौता पर ले गए। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में ही छात्रा की मौत हो गई। वहीं कुंती को निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। छात्रा की मौत से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने करीब 4 बजे गांव के सामने दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर लाठी-डंडे लेकर जाम लगा दिया। दिल्ली-सहारनपुर राजमार्ग पर जाम की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाइक सवार दो लोगों को हिरासत में लिया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार फरार उनके साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।