रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। कोर्ट के आदेश पर तहसील प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अवैध कब्जा हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को गांव सांचलू के शमशान घाट, तालाब व पशु चारागाह पर किए गए अवैध कब्जों को पुलिस बल लेकर मुक्त कराया गया।
गांव सांचलू के अंतर्गत आने वाले शमशान के खसरा नंबर 1362 से 0. 625 हेक्टेयर, तालाब के खसरा नंबर 1363 से 0.256 हेक्टेयर पर लंबे समय से अवैध कब्जे चले आ रहे थे। मंगलवार को एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार रमेश कुमार, कानूनगो सुरेश सैनी, लेखपाल आदि व पुलिस क्षेत्राधिकारी आरपी पाठक तथा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां अफसरों की टीम ने शमशान की भूमि, तालाब व पशु चारागाह से अवैध कब्जों को बल पूर्वक हटवा दिया। जमीन को कब्जा मुक्त कराए जाने के दौरान खड़ी फसल के बीच मेढ़ बांधी गई। ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव को मुक्त कराई गई भूमि पर तारबंदी कराने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ कब्जाधारियों ने खाली की गई जमीन का बैनामा होने की बात कही। इस पर एसडीएम ने किसानों से कहा कि यदि उन्हें अपनी बात रखनी है तो वह उनकी कोर्ट के आकर अपना पक्ष रख सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि सरकारी रिकार्ड में तालाब, शमशान, पशु चारागाह आदि की भूमि दर्ज है और मौके पर उस पर अवैध कब्जा है तो उसे हर सूरत में हटाया जाएगा। यदि किसी ने इस कार्य में दखल दिया जो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।