सहारनपुर। डीएम पीके पांडेय ने नगर के तालाबों पर कब्जा करने वालों के विरुद्घ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके अलावा सड़कों पर रेत, बजरी और ईंट आदि डालने वालों के विरुद्घ भी कार्रवाई करने को कहा। वह बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों की बैठक ले रहे थे।
स्थानीय निकाय चुनाव के मद्देनजर डीएम ने वार्डों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। 20 अगस्त तक बढ़ी संख्या प्रस्तुत करने को कहा, जिससे उनकी समय से समीक्षा की जा सके। शौचालयों के लिए आए आवेदनों का परीक्षण कर उनको अंतिम रूप देते हुए लाभार्थियों को लाभान्वित करने को कहा। सड़कों पर कहीं भी कूड़ा पड़ा नहीं होना चाहिए। जो व्यक्ति सड़कों पर कूड़ा, रेत, बजरी या ईंटे रखता हैं उनके विरुद्घ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कूड़ा डालने के लिए जमीन खरीदने के निर्देश नगर निगम और नगर पालिका व नगर पंचायतों को दिए। यदि भूमि किराए पर लेनी है तो उसका प्रस्ताव बनाकर देने को कहा। तालाबों के सौंदर्यीकरण की योजना बनाकर प्रस्तुत करने को कहा।
एनजीओ के माध्यम से डोर टू डोर कूड़ा संग्रह करने की बात कही। नगर के नालों की सफाई में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। बारिश में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं शासकीय भूमि पर कब्जा है तो उसे मुक्त कराएं। उन्होंने कहा कि पटरी किराएदारों की सूची को अंतिम रूप दिया जाए। कार्यों में शिथिलता बरतने पर संबंधित ईओ को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। डीएम ने नगरपालिकाओं में राजस्व कर करेत्तर में कम वसूली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए वसूली में गति लाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम प्रशासन एसके दुबे, अधिशासी अधिकारी सितार सिंह आदि मौजूद रहे।