सहारनपुर। स्वास्थ्य उप केंद्रों पर फार्मासिस्ट की जगह अप्रशिक्षित लोग मरीजों को दवा का वितरण कर रहे हैं। यह आरोप फार्मासिस्ट फाउंडेशन पदाधिकारियों ने लगाया। उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन डीएम को सौंपते हुए व्यवस्था में सुधा कराने की मांग दोहराई।
मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायतपत्र के माध्यम से संगठन ने बताया है कि ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट 1940 की नियमावली 1945 व फार्मेसी एक्ट 1948 के तहत दवा का वितरण एक रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट ही कर सकता है, मगर जनपद के ज्यादातर उप क्रेंद्रों पर अप्रशिक्षित लोग दवा का वितरण कर रहे हैं, जिससे मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ हो रहा है। फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन 2015 के तहत दवा के साइड इफेक्ट, डोज की जानकारी और मरीज की काउंसिलिंग एक रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट ही कर सकता है, मगर स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। शिकायतपत्र में अन्य समस्याओं को भी रखा गया, जिनके निस्तारण की मांग मुख्यमंत्री से की गई। डीएम को ज्ञापन देने के लिए पहुंचने वालों में मंडलाध्यक्ष विपिन वर्मा, अंकुश गुप्ता, अनस मलिक आदि शामिल रहे।