अतिक्रमण रोकने के लिए पैमाईश कराई
सरसावा (सहारनपुर)। नगर पालिका परिषद ने सड़कों पर अतिक्रमण रोकने के लिए पैमाईश कर सड़कों के किनारों की हद चिह्नित कर दी है। सड़क के दोनों ओर चूना डलवा दिया है तथा चेतावनी दी गई है कि हद पार कर अतिक्रमण करने वाले पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि कार्रवाई अभी तक सिर्फ रेहड़ी एवं फड़ लगाने वाले छोटे दुकानदारों पर ही की गई है।
सोमवार को नगर पालिका परिषद ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इसकी पहल राजमार्ग से अतिक्रमण हटाने के साथ हुई। पुलिस टीम के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे ईओ राजीव कुमार के निर्देश पर पालिका कर्मियों ने राजमार्ग के दोनों ओर चूने की पट्टी बनाकर सीमा का निर्धारण किया। ईओ राजीव कुमार ने कहा कि जो भी दुकानदार इस पट्टी से आगे अतिक्रमण करेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही के साथ ही सामान जब्त करते हुए जुर्माना भी लगाया जाएगा। पालिका कर्मियों ने नगर के बाहरी छोर तक चूने की पट्टी बनाई। हालांकि अतिक्रमण हटाने का अभियान केवल रेहड़ी, खोमचे तथा फड़ी लगाने वालों तक ही सीमित रहा।
लेकिन शहर में कुछ होटल स्वामियों तथा दुकानदारों का व्यापार ही अतिक्रमण करके ही चल रहा है। जिन्होंने नाले के ऊपर स्लैब डालकर भट्टियां लगाई हुई हैं। साथ ही सरकारी भू-भाग पर कुर्सियां डालकर कब्जा किया है। उन्हें नजरंदाज कर दिया गया। जिस पर रेहड़ी खोमचे लगाने वालों ने कहा कि स्थाई अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वह पालिका कार्यालय का घेराव करेंगे।
पालिकाध्यक्ष बिजेंद्र मोगा ने कहा कि अतिक्रमण हटाने में भेदभाव नहीं किया जाएगा।