सहारनपुर। कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तीसरे चरण के तहत गांव मवीकलां में अधूरे पड़े भवनों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण कराया जाएगा। शुक्रवार को कमिश्नर, डीएम और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कांशीराम कॉलोनी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कमिश्नर सीपी त्रिपाठी और डीएम आलोक कुमार पांडेय को बताया गया कि कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तीसरे चरण के तहत विकास प्राधिकरण द्वारा गांव मवींकला में प्रस्तावित 600 भवनों के सापेक्ष 368 भवनों का निर्माण प्लिंथ लेवल से ऊपर तथा 232 भवनों का निर्माण प्लिंथ लेवल से नीचे कराया गया था। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में शासन के आदेश पर कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तीसरे चरण के तहत प्लिंथ लेवल और प्लिंथ लेवल से नीचे भौतिक प्रगति वाले आवासों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण कराया जाना है। योजना के तहत पूर्व में आवास विकास परिषद द्वारा चार एकड़ भूमि निशुल्क उपलब्ध कराई गई थी, जो कि राजस्व अभिलेखों में आवास एवं विकास परिषद सहारनपुर के नाम दर्ज है। इसलिए शासन के आदेश के क्रम में उक्त कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाना है।
कमिश्नर चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे पड़े भवनों को अतिशीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम (प्रशासन) एसके दूबे, एसडीएम सदर परमानंद झा, विकास प्राधिकरण के कार्यवाहक सचिव विजय शुक्ला, वित्त एवं लेखाधिकारी अनिल कुमार मिश्रा, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, सहायक अभियंता आरके कौशिक आदि मौजूद रहे।