दो माह में ही करनी पड़ गई मॉडल रोड की मम्मत
सहारनपुर। नगर निगम की ओर से घंटाघर से दिल्ली रोड स्थित हसनपुर चौक तक तैयार की जा रही मॉडल रोड की दो महीने में ही मरम्मत करनी पड़ गई है। अमर उजाला ने पिछले दिनो सड़क के बनते ही जर्जर होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नगर निगम ने मॉडल रोड की अब सुध ली है।
घंटाघर से हसनपुर तक बनने वाली इस सड़क को नगर निगम ने मॉडल रोड का नाम दिया है। इसका बजट करीब आठ करोड़ रुपये का बताया गया है। करीब तीन महीने से काम शुरू किया हुआ है। मगर अभी तक 50 फीसदी भी कार्य नहीं हो सका है। नगर निगम ने जहां तक सड़क बनाई भी है, वह बनने के एक महीने में ही टूटना शुरू हो गई है। पार्षदों ने अधिकारियों का घेराव कर सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। मगर बरसात की वजह से नगर निगम रोड की मरम्मत नहीं करा रहा था। तीन दिन मौसम में बादल छाए रहने के बाद रविवार को जैसे ही मौसम खुला तो नगर निगम ने रोड की मरम्मत करानी शुरू कर दी है। घंटाघर से कोर्ट रोड ओवरब्रिज तक सड़क बीच में टूटी है। हाथी गेट के पास साइड पर और इससे आगे बीच-बीच में मरम्मत कराई जा रही है।