देवबंद (सहारनपुर)। बिहार की मरकजी जामा मस्जिद में असामाजिक तत्वों द्वारा भगवा झंडा फहराने और मस्जिद में हंगामा करने और कुरआन के अलावा दीनी किताबों को आग के हवाले करने के मामले में देवबंदी उलमा ने सख्त नाराजगी का इजहार करते हुए केंद्र और राज्य सरकार से असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
दारुल उलूम जकरिया के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती शरीफ खान ने मस्जिद में घुसकर असामाजिक तत्वों द्वारा मीनार पर चढ़कर भगवा झंडा फहराने और मस्जिद के अंदर आगजनी करने की घटना पर गुस्से का इजहार करते हुए कहा कि अगर गुंडागर्दी करने की छूट दी जाती रही तो किसी भी समय पूरे देश का माहौल खराब हो सकता है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार से इबादतगाहों के बाहर पुलिस ड्यूटी लगाने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही कहा कि बिहार की नीतीश हुकूमत संघ के इशारे पर काम कर रही है। मौलाना शरीफ खान ने राजधर्म याद दिलाते हुए कहा कि सरकार को चाहिए कि वह भेदभाव से ऊपर उठकर इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करे। मौलाना सगीर कासमी का कहना है कि इस तरह की घटनाएं देश और देशवासियों के लिए हानिकारक हैं।