सहारनपुर। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता कार्यालय में हुई किसान तेजपाल की मौत की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी से कराने की मांग को लेकर रालोद कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मृतक किसान के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और 50 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग की।
मंगलवार को राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश सचिव अर्जुन सिंह और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतपाल वर्मा ने कहा कि विद्युत निगम किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न से ही किसान तेजपाल की विद्युत निगम कार्यालय में मौत हुई है। किसानों के शोषण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसान नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि मृतक किसान तेजपाल के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। युवा रालोद के मंडल उपाध्यक्ष अनुज वर्मा और मोहित ने कहा कि गांव सलूनी के किसान तेजपाल की मौत के लिए विद्युत निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी दोषी हैं। उन्होंने मृतक किसान के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान संसार सिंह, किरणपाल मुखिया, सागर, गुलाब सिंह, नीरज, कर्णपाल, हरपाल, सुरेश, भारत भूषण, धीरज, धर्मवीर, परमजीत, बलवीर, सुधीर, अनूप, नानू आदि रहे।