नकुड़ (सहारनपुर)। भाकियू की मासिक बैठक में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श किया तथा एसडीएम को मांगपत्र सौंपकर उनका शीघ्र समाधान कराए जाने की मांग की है।
सोमवार को नगरपालिका सभागार में चौ. ओमपाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित भाकियू की मासिक बैठक में भाकियू के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष चौ. विक्रम सिंह ने कहा कि चीनी मिलों द्वारा किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान नही किया जा रहा है, जिससे किसान आर्थिक रूप से परेशान है। सरकार द्वारा नए बिजली ट्यूबवेलोें के कनेक्शन खोले जाने के बावजूद निगम द्वारा किसानों को नए कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। 2012 के मंजूर हुए कनेक्शनों का सामान भी अभी तक नहीं दिया गया है। किसानों की भूमि निलाम की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नही किया जाएगा। चौ. देवीसिंह ने कहा कि नकुड़ तहसील में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। किसानों के क्रेडिट कार्ड की डीड नहीं चढ़ाई जा रही है। बैठक के बाद किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांगपत्र एसडीएम को सौंपा तथा चेतावनी दी कि यदि किसानों का शोषण नही रुका तो भाकियू तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन को बाध्य होगी। संचालन सुशील चौधरी ने किया। ओमपाल सिंह, सुशील कुमार, असगर, कंवरपाल, विनोद कुमार, लिल्लू राणा, पंकज, पप्पन, रामपाल, ओमवीर, राहुल, कुलदीप, प्रवीण कुमार, निरंजन सिंह, हरबीर सिंह व सोनू आदि किसानों की मौजूदगी रही।