देवबंद (सहारनपुर)। निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है। फिल्म निर्देशक ने भले ही राजपूत संगठनों के बढ़ते विरोध को देख फिल्म की रिलीज को अभी टाल दिया है, लेकिन इस बीच राष्ट्र निर्माण पार्टी ने दोहराया कि आपत्तिजनक दृश्यों को हटाए बिना फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने दिया जाएगा।
शुक्रवार को देवबंद में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे राष्ट्र निर्माण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि फिल्म में ऐतिहासिक सच्चाईयों की अनदेखी कर भारतीय संस्कृति पर गहरी चोट की गई है। पद्मावती एक महान वीरांगना एवं चरित्रवान रानी थी। पश्चिमी संस्कृति में रचे बसे आज के भारत के फिल्मकार नाचने एवं गाने बजाने तक सीमित हैं। इसलिए वे भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली इतिहास के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। विक्रम सिंह ने कहा कि फिल्म में दिखाया गया कि अलाउद्दीन खिलजी दर्पण में रानी पद्मावती को निहार रहा है यह सच्चाई नहीं है। फिल्म के इन्हीं दर्शकों को लेकर राजपूत, वैश्य, जाट, ब्राह्मण, गुर्जर समेत हिंदू संगठनों में जबरदस्त रोष है।