सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी गंभीरता बरतें और राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभाग के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार शाम कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला पर्यावरण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए, साथ ही सभी विभागों को पौधरोपण का प्लान तैयार करके देने को कहा। ई-वेस्ट प्रबंधन के नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि उद्योगों को अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने से पूर्व यह सुनिश्चित कर लें कि उद्योग हेतु प्रस्तावित भूखंड के चारों ओर हरित पट्टिका विकसित है अथवा नहीं। प्रदूषणकारी वाहनों के संबंध में जन जागरूकता के साथ-साथ दोषी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
उन्होंने पशुपालन पर आधारित डेयरी व्यवसाय को शहरी क्षेत्र से बाहर सुनियोजित ढंग से विस्थापित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों से जनित डस्ट के नियंत्रण हेतु समुचित प्रबंधन तथा सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसबी सिंह, जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग रणविजय सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसआर मौर्या, पर्यावरण प्लानर डा उमर सैफ तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।