उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के दरियाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में एक साल पहले गांव के ही तीन युवक एक किशोरी को अगवा कर ले गए थे। आरोप है कि यह तीनों युवक किशोरी को लेकर पंजाब चले गए और कई महीनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
बाद में उसे पंजाब में ही एक अन्य युवक के हाथों बेच दिया। कुछ दिन बाद किशोरी का भाई भी नौकरी करने के लिए पंजाब पहुंचा तो उसे इस घटना के बारे में जानकारी मिली।
पीड़िता का भाई पंजाब में काफी मशक्कत के बाद बहन को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर घर ले आया। इसके बाद 11 जुलाई को दरियाबाद थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।
इसके बाद शुक्रवार को पीड़िता व उसका भाई एएसपी के सामने पेश हुए। एएसपी ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण करवाकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का के निर्देश दरियाबाद पुलिस को दिए जिसके बाद देर शाम केस दर्ज किया गया।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 जनवरी 2012 को गांव के ही तीन युवकों ने 16 वर्षीय एक किशोरी को अगवा कर लिया था। वे उसे लेकर पंजाब चले गए।
किशोरी के भाई ने पुलिस को जो प्रार्थना पत्र दिया है उसमें आरोप है कि तीनों युवकों ने कई माह तक पहले उसके साथ दुराचार किया और फिर उसे पंजाब में ही किसी दूसरे युवक के हाथों बेच दिया।
जून 2013 में जब किशोरी का भाई भी नौकरी करने के लिए पंजाब गया तो उसे इस घटना के बारे में जानकारी हुई। इसके बाद पीड़िता का भाई किसी तरह उसे पंजाब से लेकर अपने गांव पहुंचा।
इसके बाद 11 जुलाई 2013 को दरियाबाद थानाध्यक्ष को घटना के बारे में बताते हुए प्रार्थना पत्र दिया लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को पीड़िता अपने भाई के साथ एएसपी दक्षिणी कुलदीप नारायण के सामने पेश हुई और न्याय की गुहार लगाई।
इसके बाद एएसपी ने एसओ दरियाबाद को फटकार लगाते हुए मामले के आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के निर्देश दिए। एसओ के अनुसार देर शाम तीनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।