रामपुर। मिलक-बिलासपुर रोड पर कैंटर और कार की भीषण टक्कर में प्रधान के बेटे की मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। कार सवार एक शादी समारोह से वापस आ रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के सिंगरा के प्रधान झंडे सिंह का कार सवार बेटा नरदेव गंगवार(25)अपने तीन अन्य साथियों के साथ बिलासपुर में एक शादी समारोह में गया था। 26 जनवरी को वह मिलक-बिलासपुर रोड से शादी समारोह से वापस आ रहा था। इस बीच खमरिया गांव के पास तेज रफ्तार कैंटर से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में प्रधान के बेटे नरदेव गंगवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथी कोतवाली क्षेत्र के गहलुइया गांव निवासी छोटे लाल तथा बरागजेजा निवासी विकास पांडेय और बरेली जिले के थाना भोजीपुरा क्षेत्र निवासी सुरेश गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चीख-पुकार पर राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सीएचसी पर भेजा। जहां से परिवार वाले बेहतर इलाज के लिए बरेली ले गए। नरदेव की फरवरी 2019 में शादी हुई थी।