मसवासी। चौकी क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में फोन पर पत्नी से हुए विवाद के बाद एक खेतीहर मजदूर फंदे पर झूल गया। रविवार की सुबह बच्चों ने कमरे में शव लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
चौकी क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में चम्मन लाल (40) पुत्र बुद्ध सेन का परिवार रहता है। वह भूमिधर मजदूर था। उसने मूल रूप से बिहार की एक महिला से शादी की थी, जिससे उसकी चार संतानें हुईं। तीन बेटी और एक बेटा है। जानकारी के अनुसार लगभग एक माह पहले उसकी पत्नी को उसका भाई बुलाकर मायके बिहार ले गया था। बच्चों के अनुसार उसने शनिवार की शाम फोन पर पत्नी से बातचीत की थी और घर आने को कहा था। इस दौरान उनके बीच विवाद हो गया। रविवार को तड़के लगभग पांच बजे कमरे में फंदे पर झूल गया। सुबह जब जब सोकर बच्चे उठे तो पिता को फंदे पर झूलता देख चिल्लाने लगे। उनके दहाड़ें सुनकर पड़ोस के लोग आ गए। शव लटका देखकर वह भी सन्न रह गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना मसवासी पुलिस को दी। कुछ ही देर में कोतवाल शरद मलिक और मसवासी चौकी इंचार्ज कोमल सिंह मौके पर पहुुंच गए। उन्होंने शव नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। पिता की मौत से बच्चों का रोते-रोते बुरा हाल है। कोतवाल शरद मलिक ने बताया कि एक माह पहले मृतक की पत्नी मायके चली गई है। उसे बुलाने के लिए कॉल किया था। रविवार की तड़के उसका शव फंदे पर झूलता पाया गया। मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।