शाहबाद (रामपुर)। किराए पर रहने के लिए आए हुए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मकान में पानी लेकर गए युवक ने जब शव को देखा, तो उसके होश उड़ गए। पानी लेकर गए युवक ने मकान मालिक के भतीजे और अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित करते हुए शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मूल रूप से धमोरा चौकी क्षेत्र के लखनाखेड़ा निवासी मोहम्मद आलम (38) शनिवार को नगर के मोहल्ला सदात में एक व्यक्ति के मकान को किराए पर लिया था। किराए पर लेने के बाद उसकी सफाई भी की थी, और मकान मालिक के भतीजे से अपनी पत्नी और बच्चों को लाने की बात कही थी। साथ ही सोमवार को आईडी कार्ड और मकान का किराया देने की बात हुई थी। मोहम्मद आलम ने पानी लेना शुरू कर दिया था। सोमवार सुबह को जब पानी देने उसके मकान पर युवक पहुंचा, तो उसने दरवाजा खटखटाया। लेकिन दरवाजा पहले से ही खुला हुआ था। उसने आवाज देते हुए पानी अंदर लेकर गया। पानी देने वाले ने जब उसको पड़े हुए देखा और दी गई आवाजों पर भी नहीं उठा। तब उसने आनन-फानन मकान मालिक के भतीजे को फोन किया। इस दौरान मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। देखा कि किराए पर आए हुआ व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर एसएसआई धर्मेंद्र सिंह सोलंकी पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। घटना स्थल पर पहुंचकर आस-पास के लोगों से जानकरी ली। बाद में मृतक की जेब से उसका आधार कार्ड निकलवाकर उसकी शिनाख्त की, और परिजनों को सूचना दी। उधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया। इस मौत को लेकर मोहल्ले में काफी दहशत का माहौल था। लोग तरह तरह की चर्चाए कर रहे थे। उधर मृतक की पत्नी हिना को रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम को मृतक के परिवार के लोग कोतवाली पहुंच गए थे।