रामपुर। कार चालक ने साले के लिए पगड़ी लेकर आ रहे बहनोई की बाइक मेें टक्कर मार दी। इस घटना में बहनोई की मौत हो गई, जबकि उसके दो साले गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के दीनपुर गांव निवासी छत्रपाल सिंह के महेंद्र, नरायण दास, सत्यप्रकाश और भानू चार बेटे हैं, जिसमें महेंद्र और नरायण दास की शादी पहले ही हो चुकी है। रविवार को सत्यप्रकाश की सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पसियापुरा गांव बरात जानी थी। बरात में शामिल होने के लिए सत्यप्रकाश के बहनोई संभल जिले के कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के देवराखास गांव निवासी महावीर(35) शनिवार शाम को दीनपुर गांव आए थे। बरात की रस्मों को पूरा करने के लिए महावीर अपने साले के लिए बरात में पहनाई जाने वाली पगड़ी लेने रामपुर गए थे। रविवार सुबह नौ बजे महावीर अपने साले नरायणदास के साथ रामपुर से घर जा रहे थे। बाइक नरायण दास चला रहे थे। इस बीच रास्ते में मडियान उदयराज गांव के पास हाईवे पर एक ढाबे के सामने महावीर का दूसरा साला भानू मिल गया। जिस पर महावीर और नरायण दास उससे बात करने लगे। इस बीच रामपुर की ओर से आए एक कार चालक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महावीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि, नरायण दास और भानू गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, जबकि हादसे में दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पातल में भर्ती कराया। शहजादनगर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मलिक ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। दो लोग घायल हुए हैं। मामले में नरायण दास की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नरायण दास बाइक चला रहे थे और उन्होंने हेलमेट पहना था।
-------------------------------------------
बरात में गए दूल्हा सहित पांच लोग
रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं, जिसके बाद सत्यप्रकाश की बरात में केवल पांच लोग ही गए। परिजन हीरा लाल ने बताया कि हादसे की जानकारी के बाद घर में कोहराम मच गया है। बरात में शामिल होने के लिए सभी ने पूरी तैयारी की थी, लेकिन हादसे की जानकारी होने के बाद दूल्हा सहित पांच लोग बरात में गए।