स्वार (रामपुर)। अनियंत्रित कार ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए बाजपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर के मोहल्ला रसूलपुर निवासी तीन दोस्त रेहान अली (16), सानिब अली व सुहैल शुक्रवार की शाम बाइक से उत्तराखंड के गूलरभोज डैम पर घूमने जा रहे थे। बाइक सानिब चला रहा था। रास्ते में केलाखेड़ा के निकट सामने से आ रही एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक कार के नीचे फंस गई। इस दौरान घायलों की चीख सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। हादसे में रेहान अली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सानिब अली व सुहैल घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए नहीं था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उत्तराखंड के बाजपुर अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और बिना कानूनी कार्रवाई की बात कहते हुए शव लेकर चले गए।