मिलक (रामपुर)। फुफेरे भाई के साथ शादी के कार्ड बांटने जा रहे युवक को रोडवेज बस चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक हेलमेट लगाए हुए था। परिजनों ने रोडवेज बस नंबर के माध्यम से अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बरेली जिला स्थित थाना हाफिजगंज के भड़सर गांव निवासी गुड्डू अपने जिला बरेली स्थित थाना फतेहगंज पश्चिमी के ग्राम खिरका निवासी फुफेरे भाई वीरपाल के साथ शादी के कार्ड बांटने के लिए गया था। उसके फुफेरे भाई की एक मई को शादी होनी थी। दोनों बाइक से कार्ड बांटकर बिलासपुर से वापस लौट रहे थे। बिलासपुर मार्ग स्थित सिमरा मोड़ पर रविवार की दोपहर ढाई बजे मिलक दिशा से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका फुफेरा भाई वीरपाल घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल वीरपाल को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहीं, मृतक युवक के शव को नगर के सरकारी अस्पताल लाया गया। खबर मिलने पर मृतक के परिजन सरकारी अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों ने रोडवेज बस के ड्राइवर के खिलाफ सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। हादसे की जगह को लेकर थाना कैमरी और कोतवाली पुलिस के बीच थाना विवाद के चलते रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसा केमरी या मिलक क्षेत्र में है। इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।