केमरी। पुताई करते समय दूसरी मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
ग्राम रहसेना निवासी रतनलाल का 30 वर्षीय पुत्र मिथुन बृहस्पतिवार सुबह रामनगरिया गांव निवासी सोहनलाल के मकान पर पुताई करने गया था। वह मकान की दूसरी मंजिल पर रस्सी के झूले के सहारे काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक झूले की रस्सी टूट गई और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा।
हादसे में मिथुन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद साथी और परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पेंटर की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ राजवीर परिहार के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में उन्हें अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।