रामपुर में बुधवार को हड़ताल खत्म होने के बाद एसई कार्यालय में काम करते कर्मी।संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। बिजली अधिकारियों ओर कर्मचारियों के दो दिन के कार्य बहिष्कार के बाद बुधवार को कामकाज सामान्य तरीके से चला। इस दौरान बिजली दफ्तरों में उपभोक्ताओं की भीड़ रही। पूरे दिन यही हाल रहा। कर्मचारियों ने पूरी शिद्दत के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान किया।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मियों ने कार्य बहिष्कार का ऐलान किया था। इसके तहत शुरुआत में तो सिर्फ तीन घंटे का कार्य बहिष्कार रहा, लेकिन सोमवार और मंगलवार को कर्मचारियों ने आंदोलन को तेज करते हुए पूर्ण कार्य बहिष्कार कर दिया। यहां तक कि लाइनमैन से लेकर अधीक्षण अभियंता तक आंदोलन में शामिल हो गए। ऐसे में सरकार की ओर से संविदा कर्मियों के सहारे काम चलाया गया, लेकिन इसके बाद भी कई स्थानों पर बिजली की समस्या रही। आंदोलन को दूसरे कर्मचारी संगठनों की ओर से भी समर्थन मिलने लगा, जिसके बाद मंगलवार शाम को सरकार ने उनकी मांगे मान लीं। लिखित समझौते के बाद बुधवार को सामान्य तरीके से कामकाज हुआ। ऐसे में विभागीय दफ्तरों में उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही। बिजली ठीक कराने वालों से लेकर समन शुल्क तक जमा कराने वालों का तांता रहा। बिजलीघरों पर भी शिकायतकर्ता आते रहे। ऐसे में कर्मचारियों ने पूरी शिद्दत के साथ कामकाज किया। अधीक्षण अभियंता एसके गर्ग ने बताया कि आंदोलन खत्म होने के बाद सभी कर्मचारी अपने अपने कार्य में जुट गए हैं।