रामपुर। सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक महिला पैर फिसलने से गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
उत्तराखंड के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र निवासी बेबी (32) अपने पति अभिमन्यु के साथ बिहार जाने के लिए मंगलवार रात को रामपुर स्टेशन पर आई थीं। बेबी को रामपुर से सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन से बिहार जाना था, लेकिन ट्रेन अपने निर्धारित समय पर रुकने के बाद बरेली की ओर रवाना हो रही थी। इस बीच दोनों चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान सीढ़ियों पर बेबी का पैर फिसल गया और वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ी। इस दौरान बेबी का पैर प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में फंस गए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। इसके बाद चालक ने ट्रेन रोक दी। शोर सुनकर जीआरपी भी मौके पर आ गई। वहीं जीआरपी प्रभारी सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि एक महिला सत्याग्रह से बिहार जा रही थी। ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।