रामपुर। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
ज्वालानगर के साईं विहार कालोनी निवासी गौरव की शादी दस माह पहले संभल के पंवासा की रहने वाली पारूल से हुई थी। रविवार को पारूल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर मृतका के रामपुर में रह रहे रिश्तेदार पहुंच गए। उन्होंने मृतकों के मायके वालों को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद मायके से तमाम लोग आ गए। उन्होंने ससुरालियों पर आरोप लगाया कि पारूल की हत्या की गई है। हालांकि, चर्चा यह भी है कि पारूल ने फांसी लगाई है। वहीं,सूचना मिलने के बाद सिविल लाइंस कोतवाल विजेन्द्र सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। कोतवाल ने बताया कि महिला की मौत की वजह अभी साफ नहीं हुई है। दोनों पक्ष अलग अलग बात बता रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ होगी।