भोट(रामपुर)। भोट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक विवाहिता की दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने विवाहिता की दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
मिलक थाना क्षेत्र के किरा मझरा दीपपुर निवासी नत्थू लाल का कहना है कि उसने अपने बेटी बेबी की शादी भोट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से की थी। आरोप है कि कुछ समय बाद पति ने उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इस दौरान 3 सितंबर को उसकी बेटी को इतना पीटा की वो बेहोश हो गई, साथ ही उसे कोई जहरीला पदार्थ भी दे दिया। इसके बाद बेहोशी की हालत में उसकी बेटी को उसका पति अस्पताल लेकर आ रहा था तो कोयला टोल प्लाजा के निकट बाइक का एक्सीडेंट हो गया। जिसमें उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसकी बेटी को उपचार के लिए रामपुर, मुरादाबाद और फिर दिल्ली में भर्ती कराया गया। दिल्ली में उपचार के दौरान उसकी बेटी की मौत हो गई। परिजनों ने विवाहिता का पोस्टमार्टम भी करवाया है और ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई की मांग की है।
भोट थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिस विवाहिता की हत्या का आरोप लगाया गया है उसका एक्सीडेंट उनके सामने हुआ था। हादसे के बाद उन्होंने साथी पुलिस कर्मियों से पीछा कर एक्सीडेंट करने वाले पिकअप को जौहर विवि रोड से पकड़ा था और वाहन थाने में खड़ा है। कहा कि मामले की जांच की जा रही है, दिल्ली के अस्पताल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगवाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि जहरीले पदार्थ की पुष्टि होती है तो दहेज हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।