बिजली विभाग के खिलाफ उतरीं महिलाएं, नारेबाजी कर दिया धरना
अफसरों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ महिलाओं का धरना
रामपुर। बिजली विभाग की ओर से चेकिंग अभियान के दौरान काटे गए कनेक्शनों के विरोध में महिलाएं अधिशासी अभियंता कार्यालय आ गईं। इसके साथ ही नारेबाजी करते हुए महिलाएं धरने पर बैठ गईं। बाद में बिजली अफसरों के आश्वासन के बाद महिलाओं का धरना समाप्त हो गया।
बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग की ओर से शुक्रवार को मोहल्ला कुंडा दादा पीर की मजार पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विभाग की ओर से तमाम लोगों के बिजली कनेक्शन काट दिए थे। इसको लेकर शनिवार को तमाम महिलाएं एकत्र होकर अधिशासी अभियंता कार्यालय आ गईं, जहां वे नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गईं। कुछ देर बाद अधिशासी अभियंता भीष्म कुमार आ गए। महिलाओं का कहना था कि विभाग की ओर से चेकिंग के दौरान करीब दो सौ मकानों की बिजली काट दी, जबकि उन पर कोई बकाया नहीं था। 24 घंटे बीतने के बाद भी कनेक्शन नहीं जोड़े हैं। ऐसे में गर्मी के चलते बच्चों और बुजुर्गों का बुुरा हाल है। लोग बिजली, पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने जायजा कनेक्शन जोड़ने की मांग की। अधिशासी अभियंता ने जायजा कनेक्शनों को जोड़ने का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाओं ने धरना समाप्त किया। इस मौके पर परवीन, मीना, फवाद खां, मुराद मियां आदि मौजूद रहे।