रामपुर। सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने जिले की सड़कों पर अवैध रूप से दौड़ रहे डंपरों पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वह लोकसभा में उठाएंगे। उन्होंने हादसे में मृत महिला सिपाही के परिवार को मुआवजा देने की भी मांग की है।
सांसद ने काशीपुर गांव के पास बुधवार की रात में हुए हादसे में महिला सिपाही व उसके दो साल के बेटे की मौत की मौत पर अफसोस जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि यह वारदात रोंगटे खड़े करने वाली है। सांसद ने इस घटना को व्यवस्था की विफलता बताते हुए प्रशासन और प्रदेश सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
सांसद ने प्रशासन से तीखे सवाल करते हुए कहा कि चेतावनी के बावजूद रात के समय डंपरों की रफ्तार और उनके संचालन पर नियंत्रण क्यों नहीं लगाया जा सका? उन्होंने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और डंपरों के संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू की जाए। इस मुद्दे को संसद में उठाया जाएगा।