रिकांगपिओ (किन्नौर)। कोरोना महामारी के साथ-साथ मौसम भी इस साल अपना कहर बरपा रहा है। किन्नौर जिला प्रशासन ने पश्चिमी विक्षोभ के शनिवार तक सक्रिय होने को लेकर जिले के लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से मौसम ठीक न होने तक घरों पर ही रहने को कहा है।
गौर हो कि मौसम विभाग शिमला ने बुधवार से शनिवार तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। शिमला मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि किन्नौर में 19 और 20 मई को कम बारिश होने की संभावना है, जबकि 21 मई से मौसम साफ रहेगा।
सहायक आयुक्त किन्नौर मनीष कुमार शर्मा ने कहा कि जिले में मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें जिले की जनता को अनावश्यक घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। जिले की जनता ऐसे मौसम में पहले ही सावधानी बरतें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। इस तरह के मौसम में पहाड़ों से भूस्खलन की आशंका रहती है।
ज्यादा बारिश होने से नदी नालों में पानी का स्तर बढ़ सकता है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की है कि वे जरूरत की सामग्री और दवाइयों का भंडारण कर के रखें। मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए घरों से बाहर निकलने से परहेज करें, जब तक मौसम ठीक नहीं हो जाता तब तक वे जहां हैं, वहीं रुकने का प्रयास करें।