रामपुर। जिले में 14 फरवरी को पांच विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इसके लिए जिले में 10342 कर्मियों की जरूरत होगी। इन सभी कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए किट उपलब्ध कराई जाएगी तो वहीं बूस्टर डोज भी दी जाएगी।
कोरोना के साए में संपन्न होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए आयोग के निर्देश के बाद प्रशासन ने चुनाव ड्यूटी करने वाले कर्मियों की कोरोना से सुरक्षा को लेकर इंतजाम करने भी शुरू कर दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि जिले में विधानसभा चुनावों के लिए करीब 10342 कर्मियों की जरूरत होगी। इन सभी कर्मियों को वैक्सीन की दोनों डोज दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अधिकतर कर्मियों ने दोनों डोज ले ली हैं। साथ ही चुनाव कर्मियों को फ्रंटलाइन वर्कर का दर्जा दिया जाएगा और सोमवार दस जनवरी से उनको बूस्टर डोज देने का काम भी शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही मतदान और मतगणना के वक्त कर्मियों को मास्क, सैनिटाइजर, हैंड ग्लव्स उपलब्ध करवाए जाएंगे। पोलिंग बूथ को सैनिटाइज किया जाएगा और एमओपी भी दिलवाई जाएगी।