पटवाई। बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए एक पिता तीन सप्ताह से पटवाई थाने के चक्कर लगा रहा है। कार्रवाई न होने पर अब पीड़ित पिता ने एसपी से बेटे की गुमशुदगी दर्ज करने और उसे बरामद करने की गुहार लगाई है।
पटवाई थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी विजयपाल ने एसपी से शिकायत की है कि उनका बेटा मुन्ना (14) सात जनवरी से गायब है। सात जनवरी को इनका बेटा घर से खेलने को कहकर निकला था। तभी से बेटा गायब है। उसने सभी जगह तलाश किया, लेकिन बेटा नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित पिता ने पटवाई पुलिस से शिकायत की। जिसकी कोई सुनवाई नही की गई।
पीड़ित पिता का आरोप है कि वह बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए कई बार थाने गए। लेकिन उनकी पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही। मजबूरन पीड़ित पिता ने एसपी से शिकायत कर बेटे की बरामदगी की मांग की है।
पीड़ित का कहना है कि उनका बेटा मानसिक रूप से कमजोर है। आरोप है कि पीड़ित पिछले तीन हफ्ते से लगातार थाने के चक्कर काट रहा है। थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि पीड़ित युवक ने बच्चे की लापता होने की सूचना दी थी। वह अपनी शिकायत पर कोई मुकदमा लिखवाना नहीं चाह रहा है।
तंत्र-मंत्र के नाम पर पिता से कर ली ठगी
पीड़ित पिता विजयपाल ने बताया कि उनके पास कुछ दिन पहले एक नए नंबर से कॉल आई थी। फोन पर अज्ञात ने पीड़ित को तंत्र-मंत्र से उनके बेटे का सुराग लगाने को कहकर अपने अकाउंट में 360 रुपये डलवा लिए थे। जिसके बाद से अब उस अज्ञात नंबर से संपर्क नहीं हो पा रहा है।