रामपुर। पूर्वोत्तर रेलवे ने चमराैआ-बिलासपुर रोड पर रेलवे स्टेशन के पास ग्राम धावनी हसनपुर रेलवे फाटक संख्या-46 बी पर बुधवार से एलएचएस बॉक्स की लंचिंग का कार्य शुरू किया है। इसके लिए 15 जून तक रूट डायवर्ट करते हुए वाहनों को रम्मनपुर फाटक संख्या-49 ए से वाहन वैकल्पिक मार्ग से गुजारा जाएगा।पूर्वोत्तर रेलवे काशीपुर के सहायक मंडल इंजीनियर ने क्षेत्राधिकारी नगर व यातायात को पत्र भेजा है। जिसमें डीएम के आदेश अनुसार चमरौआ-बिलासपुर रोड रेलवे स्टेशन के निकट ग्राम धावनी हसनपुर के पास रेलवे फाटक संख्या-46 बी पर एलएचएस बॉक्स की लंचिंग होने की जानकारी दी गई है।
इस दौरान 29 मई से 15 जून तक रूट डायवर्ट करते हुए सड़क यातायात के लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्ग रम्मनपुर फाटक संख्या 49 ए से होकर गुजारा जाएगा। उन्होंने इस कार्य के लिए रेलवे फाटक संख्या 46 बी को पूर्ण रूप से बंद करने की अनुमति मांगी है।
वहीं भाकियू टिकैत जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह गिल ने बताया कि उन्होंने बुधवार को जिला मुख्यालय पर डीएम जोगेंद्र सिंह से तमाम किसानों के साथ मुलाकात की है। जिसमें उन्होंने डीएम से ग्राम धावनी हसनपुर व लालानगला के फाटक को खत्म न करने का अनुरोध किया है। डीएम ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह किसानों की इस समस्या का समाधान करेंगे।