रामपुर। मौसम के बदले मिजाज की वजह से किसानों के अरमान भी बारिश में बह गए। बेमौसम बारिश से किसानों की सब्जियों की फसलें तबाह हो गईं। खेतों में पानी भर गया। यहां तक कि सरसों की फसल भी गिर गई है, जिससे किसानों को काफी अधिक नुकसान हुआ है। ऐसे में मौसम की मार से किसान लगातार परेशान हैं।
इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ है। बीते पांच दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। रविवार रात को भी पूरी रात मेघ जमकर बरसे। तेज बारिश होने के साथ हवा भी खूब चल रही थी, जिसका असर फसलों पर पड़ने लगा है। सोमवार को सुबह ग्रामीणों ने जब अपने खेतों पर जाकर देखा तो सरसों की फसल पूरी तरह से बिछी हुई नजर आई। सब्जियों के खेतों में पानी भरा हुआ था। आधी फसल पानी में डूबी हुई थी, जिस वजह से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। किसानों की मानें तो बारिश से पालक, मैथी, मूली, शलजम, मटर, गोभी, आलू, गाजर आदि सब्जियों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। वहीं, जनवरी माह में अब तक 39.6 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है, जबकि इससे कहीं अधिक 165 मिलीमीटर बारिश अब तक हो चुकी है। ऐसे में एक के बाद एक फसल नष्ट होने से किसान चिंतित हैं।