रामपुर। पूर्व विधायक और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे अली यूसुफ अली का एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वो भाजपा नेताओं के साथ मंच पर नजर आ रहे हैं। इसके बाद एमएलसी चुनाव में उनके द्वारा भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इसकी पुष्टि की है। इस संबंध में अली यूसुफ अली का पक्ष लेने के लिए फोन किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।
बरेली-रामपुर क्षेत्र से एमएलसी चुनाव में भाजपा की ओर से बरेली के कुंवर महाराज सिंह प्रत्याशी हैं। जबकि, सपा के टिकट पर रामपुर के मशकूर अहमद मुन्ना चुनाव लड़ रहे हैं। बुधवार को भाजपा प्रत्याशी चुनाव प्रचार के लिए रामपुर पहुंचे। इस बीच जब वह स्वार तहसील क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे, तो एक कार्यक्रम के मंच पर कांग्रेस के टिकट पर चमरौआ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके पूर्व विधायक अली यूसुफ अली भी नजर आए। इसका फोटो वायरल होने के बाद सियासी गलियारे में तरह तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता ने बताया कि अली यूसुफ अली ने भाजपा प्रत्याशी को समर्थन दे दिया है। जबकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता का कहना है कि पार्टी की ओर से कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं है और न ही किसी को समर्थन दिया गया है। अली यूसुफ अली व्यक्तिगत रूप से समर्थन दे रहे हैं तो उनका निजी मामला है, वो पहले भी पार्टी छोड़ चुके हैं।
बता दें कि अली यूसुफ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घोषित होने के बाद सपा में शामिल हो गए थे। सपा से टिकट न मिलने पर फिर कांग्रेस में वापसी कर चमरौआ विधानसभा से चुनाव लड़ा था।