रामपुर। जिला प्रोबेशन कार्यालय के एक कर्मी का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कर्मी द्वारा रिश्वत लेते हुए की वीडियो होने का आरोप लगाया जा रहा है। इसको लेकर कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, मामला जब मुख्य विकास अधिकारी के संज्ञान में आया, तो उन्होंने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। जबकि, जिला प्रोबेशन अधिकारी ने वीडियो को फर्जी बताया है।
बाल शिशु गृह में बच्चों के खाने-पीने के सामान की आपूर्ति होती है। जिसमें दूध समेत अन्य सामान शामिल होता है। आरोप है कि जिला प्रोबेेशन कार्यालय के एक कर्मी ने बिल पास करने के लिए रिश्वत की मांग की। रिश्वत न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद ठेकेदार ने बाबू को रिश्वत की कुछ रकम दे दी। वीडियो में यह भी सुनाई दे रहा है कि अब तो डीपीओ या किसी और को कुछ नहीं देना है। हमारा तुम्हारा हिसाब साफ हो गया है। इस पूरे मामले की ठेकेदार ने वीडियो बना ली। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। जिसके बाद मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। सीडीओ ने बताया कि जांच के बाद स्थिति साफ हो जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।