रामपुर। 23 जनवरी को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा में अभ्यर्थियों को रोडवेज बस में यात्रा करने के लिए परिचालक को प्रवेश पत्र की हस्ताक्षरित छाया प्रति देनी होगी। 22 से 24 जनवरी तक अभ्यर्थी रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। वहीं, ओएमआर सीट भरते समय केवल काले बॉल प्वाइंट पैन का प्रयोग करना होगा। किसी अन्य रंग के पैन और पेंसिल से ओएमआर सीट भरने पर सीट निरस्त कर दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय सभी अभ्यर्थियों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
एडमिट कार्ड बनेगा बस यात्रा का टिकट, तीन दिनों तक कर सकेंगे नि:शुल्क सफर
23 जनवरी को आयोजित होने वाली टीईटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थी एक दिन पहले यानी 22 जनवरी से और एक दिन बाद यानी 24 जनवरी तक आवागमन कर सकेंगे। इसलिए परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र की फोटोकॉपी पर स्वहस्ताक्षर करते हुए कहां-कहां जा रहे या कहां से आ रहे है, इसका ब्योरा लिखकर बस कंडक्टर को देना होगा। बस में यात्रा के दौरान कोविड प्रोटोकॉल के नियमों को सख्ती से पालन किया जाएगा।
काले बॉल प्वाइंट पैन से भरनी होगी ओएमआर सीट
शिक्षक पात्रता परीक्षा में सम्मलित होने वाले परीक्षार्थियों को ओएमआर सीट भरते समय काले बॉल प्वाइंट पैन का प्रयोग करना होगा। कोई भी परीक्षार्थी किसी अन्य रंग के पैन से ओएमआर सीट भरेगा तो उस सीट को नहीं जांचा जाएगा। ओएमआर सीट रद्द कर दी जाएगी। कोई भी परीक्षार्थी ओएमआर सीट को खाली नहीं छोड़ सकेगा। अगर किसी भी अभ्यर्थी ने ओएमआर सीट खाली छोड़ी तो वह ओएमआर सीट भी रद्द हो जाएगी।
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए बनेेगी कोविड हेल्प डेस्क
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कोविड हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में थर्मल स्कैनर और ऑक्सीमीटर की व्यवस्था रखी जाएगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सैनिटाइजर रखे जाएंगे। कुछ अतिरिक्त सर्जिकल मास्क भी रखें जाएंगे, ताकि अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया जा सके। अभ्यर्थियों को उचित दूरी पर बैठाया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर एक मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी, जिससे किसी प्रकार की चिकित्सकीय आवश्यकता को पूरा किया जा सके।
-जिले भर में 23 परीक्षा केंद्रों पर 13636 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, दो पालियों में होगी परीक्षा
-प्राथमिक स्तर पर 8437 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 5199 अभ्यर्थी हैं पंजीकृत
- शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए निर्धारित जिले के सभी 23 परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिन कालेजों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, उनके प्रधानाचार्यों से दो दिन पहले सीसीटीवी कैमरों के सुचारु रूप से चालू होने एवं सभी तैयारियां पूरी होने का प्रमाण पत्र लिया जाएगा। - मुनेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक, रामपुर