रामपुर। शिवापुरम कॉलोनी के पास नाले की जमीन पर दीवार निर्माण किए जाने के आरोप पर बाशिंदों ने विरोध जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और संबंधित लोगों को अपनी जमीन की सीमा में ही दीवार बनाने की चेतावनी दी।
शिवापुरम कॉलोनी के पास नाले का निर्माण कराया जा रहा है। हाल की बारिश में नाले के किनारे बनी दीवार गिर गई थी। बृहस्पतिवार को मजदूर दोबारा दीवार का निर्माण कर रहे थे।
कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान नाले की जमीन पर भी कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। विरोध के बावजूद काम नहीं रुकने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवाया और संबंधित लोगों को अपनी जमीन की हद में ही दीवार बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान कॉलोनी के कई लोग मौजूद रहे।
नगर पालिका के ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।