सपा की टिकट पर सदर सीट से हैं उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी ने उन्हें शहर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में वे जेल में रहकर ही चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, उन्हें बाहर निकालने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी गई है। चूंकि, इन दिनों विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है, जिसमें 28 जनवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।
ऐसे में उनके जेल से बाहर आने की संभावना कम है। लिहाजा, सपा नेता आजम खां भी समझते हैं और उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में प्रार्थना दिया था, जिसमें उन्होंने नामांकन प्रक्रिया को पूर्ण कराने के लिए अनुमति मांगी थी, जिस पर मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई हुई।
कोर्ट ने आजम खां को नामांकन प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए अनुमति दे दी है। कोर्ट के आदेश को फैक्स के जरिए सीतापुर जेल भेजा गया है। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद उनके प्रतिनिधि व समर्थक पर्चा नामजदगी लेकर सीतापुर जेल रवाना हो गए हैं, जहां पर जेल प्रशासन की मौजूदगी में आजम खां दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करेंगे।