बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के मानपुर ओझा रोड पर सोमवार की रात मिट्टी भरा एक डंपर अचानक किसी वाहन से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर कल्याणी नदी के पुल के रेलिंग को तोड़ता हुआ नदी में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक घायल हो गया। लोगों ने किसी तरह घायल को नदी से निकालकर रुद्रपुर के अस्पताल भेजा है।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार की रात करीब नाै बजे एक डंपर मिट्टी लेकर मानपुर ओझा गांव की ओर से नैनीताल हाईवे बंगाली काॅलोनी मोड़ की ओर जा रहा था। ग्राम गोकल नगरी शमशानघाट के पास कल्याणी नदी के समीप अचानक किसी वाहन से बचने के प्रयास में अचानक डंपर अनियंत्रित हो गया। डंपर कल्याणी नदी के पुल के रेलिंग को तोड़ता हुआ नदी में जा गिरा। नदी में डंपर गिरने बाद चालक की चीख पुकार सुनकर पास की कॉलोनी के तमाम लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह घायल डंपर चालक को नदी से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में लोगों ने घायल डंपर चालक को रुद्रपुर की एक अस्पताल उपचार के लिए भेज दिया।