मियादी बुखार ने जिले में पैर पसारने के साथ ही कहर बरपाना शुरू कर दिया है। भोट क्षेत्र के खुर्शीद नगर गांव में कई ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं। पांच बुखार पीड़ितों की मौत होने के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है। कई शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। इधर, ग्रामीण गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को इसकी खबर तक नहीं है।
बारिश और धूप के बीच संक्रामक रोगों ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। वायरल के बाद मलेरिया व मियादी बुखार ने लोगों की जिंदगी को निगलना शुरू कर दिया है। भोट थाना क्षेत्र के खुर्शीद नगर गांव में बुखार का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि कोई न कोई बुखार पीड़ित है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो सप्ताह शब्बीर, सोमवती, कंचन, हिमांशु और लीलावती की मौत हो चुकी है। जबकि बीस से अधिक ग्रामीण रामपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। बुखार के इस कदर फैलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अभी तक गांव में स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम नहीं पहुंची है। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
उधर, भाजपा नेता पंकज कुमार लोधी ने खुर्शीदनगर गांव में बुखार व मलेरिया का प्रकोप होने की बात कहते हुए सीएमओ से गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजने की मांग की है। पंकज लोधी ने बताया कि गांव की शांति देवी, दीपक, प्रेमवती, संजीव, महेश कुमार, चंद्रपाल, दीपक, अशोक, शिवानी, दीपू, शकुंतला समेत कई ग्रामीण रामपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती हैं।