केमरी। थाना पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 55 ग्राम स्मैक व एक बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान के अनुसार मंगलवार की रात में क्षेत्र के हल्दुआ मार्ग से बाइक सवार दो तस्करों द्वारा स्मैक तस्करी कर लाए जाने की सूचना मिली थी। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस टीम को देख बाइक को मोड़ कर वापस भागने लगे। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने भाग रहे दोनों बाइक सवारों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से 55 ग्राम अवैध स्मैक बरामद होने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के मोहल्ला लोदीनगर निवासी महेंद्र पाल व फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के ही ग्राम उनासी सिरसाजागीर निवासी वीरेंद्र कुमार हैं। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस व एमवी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।