रामपुर। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान क्षेत्र में स्मैक की तस्करी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक कार के अंदर रखी स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त की गई स्मैक की कीमत करीब 80 लाख रुपये है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है।
गुरुवार को सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस बीच टीम ने अजीतपुर बाईपास के पास एक कार को रोक लिया। इस दौरान कार के अंदर बैठे दो युवक पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसके अंदर से 815 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई और रिपोर्ट दर्ज कर ली। सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि चेंकिग की जा रही थी। इस दौरान एक कार से अस्सी लाख रुपये की स्मैक बरामद की गई है। पकड़े गए दोनों युवक बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के गुलड़िया गांव निवासी अंसार और फैजान हैं। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।