रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या के आरोप में पुलिस ने सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया और कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।
शाहाबाद थाना क्षेत्र के खरसौल गांव निवासी चंद्रकेश ने अपनी बेटी नीतू(28) की शादी 12 फरवरी 2020 को आगापुर गांव निवासी विजय से की थी। आरोप था कि बेटी की शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे।शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले पांच लाख रुपये की मांग करने लगे थे। मांग पूरी न करने पर आए दिन परेशान करते थे। आरोप लगाया था कि दस जुलाई की रात को ससुराल वालों ने नीतू को फंदा लगाकर मार डाला था।बाद में पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। बुधवार को पुलिस ने इस मामले में ज्वालानगर में शाहाबाद बस स्टैंड के पास से नीतू के ससुर आशाराम और सास माया को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने दोनो को न्यायालय के समक्ष पेश किया और कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।