स्वार। क्षेत्र के एक गांव में मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसकी अश्लील वीडियो क्लिप बनाकर वायरल करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट के आदेश के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। ग्रामीण की 20 वर्षीय बेटी मानसिक तौर पर कमजोर है। निकटवर्ती गांव के तीन युवकों ने किसी तरह उसे बहला फुसला लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उसे धमकी दी कि किसी से कहा तो अच्छा नहीं होगा। यह घटना दो माह पहले की है, लेकिन वीडियो चार दिसंबर को वायरल हुई थी। इस संबंध में पीड़िता के पिता की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर के साथ वीडियो भी दे दी गई थी। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरूकर दी थी। गुरुवार को कोतवाल हरेंद्र सिंह को सूचना मिली कि दो आरोपी बाहर भागने के प्रयास में मधुपुरा गांव के तिराहे पर खड़े किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस टीम तत्काल वहां पहुंच गई और घेराबंदी कर अहसान अली पुत्र अफसर अली व फुरकान अली पुत्र नामे अली निवासी मिलक काजी कोतवाली स्वार को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल हरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल भी बरामद हुआ है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इस घटना में अभी एक आरोपी फरार है। उसे भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।