शाहबाद (रामपुर)। बुधवार की रात मायके से पत्नी को बुलाने जा रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई थी। सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई और शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
बदायूं जिले के थाना उझानी के हरपालपुर गांव निवासी देवेंद्र नाथ (25 वर्ष) की शादी बरेली जिले के भोजीपुरा क्षेत्र निवासी राजरानी से हुई थी। वह संभल जिले के गुन्नौर में बतौर बाइक मैकेनिक काम करता था। बुुधवार देर रात को वह अपने दोस्त भागीरथ के साथ बाइक पर सवार होकर पत्नी को बुलाने के लिए जा रहा था। बुधवार की रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे शाहबाद से निकलने के बाद रामगंगा पुल के निकट बाइक अनियंत्रित हो गई और एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में देवेंद्रनाथ का सिर पेड़ से जा लगा। इस दौरान बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ही देवेंद्र नाथ की मौत हो गई जबकि, दोस्त भागीरथ को आनन-फानन पुलिस कस्बा स्थित सीएचसी ले आई। चिकित्सकों ने घायल की हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने के बाद परिवार वालों को सूचित किया। सूचना पाकर मृतक परिवार के लोग चीखते चिल्लाते हुए पहुंच गए। उधर, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करा दिया लेकिन, परिवार वालों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर देर शाम तक नहीं दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक हेलमेट लगाए हुए नहीं था।