फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: राम रहीम पुल की मरम्मत के दो माह बाद ही धंसने लगी सड़क

Tue, 18 Aug 2026 12:27 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। राम रहीम पुल की मरम्मत के बाद उद्घाटन हुए अभी दो माह ही बीते हैं और पुल की सड़क धंसने लगी है। सड़क के बीचोंबीच एक हिस्से में गहरा गड्ढा होने से हादसे का खतरा बढ़ गया है।
विज्ञापन

करोड़ों रुपये की लागत से कराए गए मरम्मत कार्य के इतने कम समय में खराब होने से इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क धंसने की वजह की जांच कराकर गड्ढे की जल्द मरम्मत कराई जाएगी।
राम रहीम पुल शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। पुल की जर्जर हालत को देखते हुए शहर विधायक आकाश सक्सेना ने मरम्मत कार्य का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने इसके लिए 2.29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे।
विज्ञापन

लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब दो माह तक पुल पर मरम्मत का काम कराया गया। इस दौरान पुल से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरम्मत पूरी होने के बाद पुल का शहर विधायक आकाश सक्सेना की मौजूदगी में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उद्घाटन किया था। लोगों को उम्मीद थी कि लंबे समय तक पुल की सड़क बेहतर हालत में रहेगी, लेकिन तीन माह के भीतर ही सड़क के एक हिस्से में धंसाव होने लगा।
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी में नमी आने और पुल पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर दबाव बढ़ा। इसके चलते सड़क धंसने की बात सामने आ रही है।
हालांकि लोगों का कहना है कि जब हाल ही में करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क की मरम्मत कराई गई थी तो इतने कम समय में सड़क का धंसना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े करता है। पुल पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर बने गड्ढे के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
0000
दो माह तक झेलनी पड़ी थी परेशानी
राम रहीम पुल की मरम्मत के दौरान करीब दो माह तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। पुल पर काम चलने के कारण यातायात प्रभावित रहा। मरम्मत पूरी होने और उद्घाटन के बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन अब तीन माह में ही सड़क धंसने से सवाल खड़े हो गए हैं।
0000
जांच के बाद सामने आएगी वजह
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बारिश और भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क के नीचे की मिट्टी प्रभावित होने के कारण धंसाव हुआ हो सकता है। अधिकारियों ने कहा कि मौके का निरीक्षण कराया जाएगा। गड्ढे की मरम्मत के साथ ही धंसाव की वजह का पता लगाया जाएगा, ताकि समस्या दोबारा न हो।
0000
मामला संज्ञान में आया है, बारिश के बाद सड़क पर पेचवर्क कराकर दुरुस्त करा दिया जाएगा। सड़क को तेज बारिश से मामूली नुकसान पहुंचा है। -गौरव कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें