भोट (रामपुर)। गुरुवार को थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। मौत की सूचना पर उनके घर में कोहराम मच गया।
मुरादाबाद जनपद के मूढापांडे थाना क्षेत्र के खाईखेड़ा निवासी नफीस (35) पुत्र लतीफ अपनी पत्नी के साथ दवाई लेने भोट थाना क्षेत्र के संकरा गया था। गुुरुवार दोपहर करीब साढे़ 12 बजे दंपती बाइक से अपने घर लौट रहे थे। नेशनल हाईवे में भोट कस्बा स्थित एसबीआई एटीएम के सामने पहुंचने पर पीछे की ओर से आ रही एक पिकअप ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दंपती बाइक समेत दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नफीस को रेफर करने पर परिजन उसे मुरादाबाद ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक के बहनोई अशरफ अली की तहरीर पर पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
वहीं, दूसरा सड़क हादसा थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव के पास हुआ। गांव निवासी चंद्रसेन (60) गुरुवार शाम अपनी बाइक से थाना क्षेत्र के पत्थरखेड़ा कस्बे से घर लौट रहे थे। गांव से कुछ दूर पहले ही उनकी बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार चंद्रसेन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन घायल को निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर उनके घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
अनियंत्रित बाइक से गिरकर ग्रामीण की मौत
शाहबाद (रामपुर)। बाइक से घर जाते समय युवक की बाइक दूसरे वाहन से बचने में अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में घायल युवक की उपचार को ले जाते समय मौत हो गई। सैफनी थाना क्षेत्र के लालवार गांव निवासी मनोज (37) अपनी बाइक से बुधवार देर शाम वापस अपने गांव जा रहा था। इस दौरान क्षेत्र के लोधों वाले मझरा के निकट सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह घायल हो गया। आनन-फानन में एंबुलेंस के मध्यम से उसे शाहबाद के सीएचसी भेजा गया। लेकिन, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उसकी मौत का समाचार पाकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद