बिलासपुर में मंगलवार की शाम बुखार से किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों सप्ताहभर से बुखार से पीड़ित थे। दो मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। ग्राम सरायकदीम निवासी उग्रसेन गंगवार (55) को एक सप्ताह पूर्व बुखार आया था। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने अस्पताल में उनका उपचार भी कराया, मगर लाभ नहीं हुआ।
बाद में उन्हें बरेली के एक अस्पताल में ले गए, जहां मंगलवार की शाम उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बुधवार की सुबह उनका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। वहीं नगर के मोहल्ला शीरीमियां इश्तियाक अहमद (25) नगर में फल बेचने का कारोबार करता था।
बताते हैं कि एक सप्ताह पहले उसे बुखार आया था। परिजन उसका उपचार नगर के ही चिकित्सकों से करा रहे थे। मंगलवार की रात उसकी घर में ही अचानक हालत अधिक खराब हो गई। इससे उसकी मौत हो गई। बुधवार की सुबह परिजनों ने उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।