विधायक संजय कपूर ने अपने समर्थकों के साथ रोडसेवा (कारसेवा) कर दूसरे दिन मंगलवार को भी जर्जर अहरो रोड के तीन किलोमीटर तक गड्ढे भरे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य कारसेवा के जरिए समस्याओं का समाधान करना है। इसके साथ ही सरकार के नकारेपन को लोगों को बताना भी है।
मंगलवार की सुबह दस बजे विधायक अपने नगर कार्यालय पर पहुंचे। यहां बठक में विधायक ने कहा कि जर्जर अहरो-शीशगढ़ रोड के कारण क्षेत्रवासियों की जिंदगी नरक बन गई है। लोगों का तहसील व जिला मुख्यालय तक पहुंचना दुश्वार हो रहा है। उन्होंने जनता के सहयोग से रोडसेवा का बीड़ा उठाया है।
बाद में मंगलवार को टांडा-हुरमतनगर से रोडसेवा शुरू हुई। इसमें विधायक ने लोगों के साथ खुद फावड़ा चलाकर कार्य किया और शाम तक करीब तीन किलोमीटर सड़क गड्ढा मुक्त कर दी। इस मौके पर प्रदेश महासचिव बलजीत सिंह बिटटू, जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह गिल, सचिन टंडन सोनू, सचिन त्रिवेदी, जितेंद्र मिश्रा, राजेंद्र सिंह मिंटू, गुरमीत सिंह भट्टी, जैन सिंह, अमरजीत सिंह रंधावा, बालम खां, कुलदीप सिंह, विशाल यादव, कालीचरन, हबीब अहमद, मोहम्मद अहमद आदि रहे।